अच्छे मॉनसून की संभावना से नई ऊंचाई पर शेयर बाजार (लीड-1) (साप्ताहिक समीक्षा)

मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। बीते सप्ताह सेंसेक्स तथा निफ्टी ने तेजी का नया रिकार्ड बनाया। इस तेजी का प्रमुख कारण मौसम विभाग द्वारा अच्छे मॉनसून की भविष्यवाणी रही। साथ ही फ्रांस में इमैनुअल मैक्रों की जीत ने भी सकारात्मक असर डाला, जो यूरोपीय संघ के समर्थक माने जाते हैं। साप्ताहिक आधार पर, सेंसेक्स 329.35 अंकों या 1.1 फीसदी की तेजी के साथ 30,188.15 पर और निफ्टी 115.60 अंकों या 1.24 फीसदी की तेजी के साथ 9,400.90 पर बंद हुआ।

सोमवार को सेंसेक्स 67.35 अंकों या 0.23 फीसदी की तेजी के साथ 29,926.15 पर बंद हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 7.10 अंकों या 0.02 फीसदी की तेजी के साथ 29,993.25 पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स 314.92 अंकों या 1.05 फीसदी की तेजी के साथ 30,248.17 पर, गुरुवार को 2.81 अंकों या 0.01 फीसदी की तेजी के साथ 30,250.98 पर और शुक्रवार को 62.83 अंकों या 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 30,188.15 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के तेजी वाले शेयरों में प्रमुख रहे- अडानी पोर्ट्स (2.83 फीसदी), बजाज ऑटो (3.84 फीसदी), भारती एयरटेल (5.88 फीसदी), सिप्ला (3.28 फीसदी), हिन्दुस्तान यूनीलीवर (2.75 फीसदी), टीसीएस (1.86 फीसदी), ल्यूपिन (0.29 फीसदी), टाटा मोटर्स (2.54 फीसदी), महिंद्रा एंड महिंद्रा (3.41 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (5.18 फीसदी) और भारती एयरटेल (5.88 फीसदी)।

सेंसेक्स के गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे – एक्सिस बैंक (0.46 फीसदी), कोल इंडिया (0.99 फीसदी), गेल (इंडिया) (2.35 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (0.64 फीसदी), आईटीसी (0.99 फीसदी), एशियन पेंट्स (1.21 फीसदी), पॉवरग्रिड (1.32 फीसदी) और डॉ. रेड्डी (0.66 फीसदी)।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत की विकास दर वित्त वर्ष 2018 में 7.2 फीसदी और वित्त वर्ष 2019 में 7.7 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है।

एचडीएफसी सिक्युरिटीज के प्रमुख (खुदरा शोध) दीपक जासानी ने आईएएनएस को बताया, “घरेलू और वैश्विक संकेतों के चलते इस हफ्ते शेयर बाजार ने नई ऊंचाइयां हासिल की है। सेक्टर के हिसाब से देखें तो वाहन, धातु, रियल्टी, दूरसंचार, एफएमसीजी, आईटी, हेल्थकेयर में तेजी तथा पीएसयू (बैंक) और उपभोक्ता सेवा क्षेत्र में गिरावट रही।”

एसएमसी इंवेस्टमेंट्स एंड एडवाइजर्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डी.के. अग्रवाल ने कहा, “घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की सक्रियता के कारण बाजार में तेजी आई, जिन्होंने विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा की गई बिकवाली के असर को कम कर दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “कॉरपोरेट कंपनियों के उत्साहजनक नतीजों के अलावा बेहतर मॉनसून की भविष्यवाणी से निवेशकों को सकारात्मक संदेश गया।”

ट्रेड स्मार्ट ऑनलाइन के निदेशक विजय सिंघानिया का कहना है, “जब बाजार में जोरदार तेजी आती है तो एक स्तर पर प्रतिरोध के तहत थोड़ी गिरावट आती है। यह शेयर बाजारों में होनेवाली सामान्य घटना है। इस हफ्ते ऐसा ही देखने को मिला।”

उन्होंने कहा, “पिछले शुक्रवार बैंकिंग शेयरों में गिरावट से बाजार की तेजी पर असर पड़ा। यस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में तेज गिरावट आई।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493