नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के जाने-माने गायक एश किंग ने ग्रेमी अवार्ड विजेता कनाडा के बेहद लोकप्रिय गायक जस्टिन बीबर के भारत में हुए पहले शो में लिप सिंक करने पर निराशा जताई है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूम मचा चुके 23 वर्षीय बीबर ने अपने वर्ल्ड टूर कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भारत में लाइव शो किया।
एश का कहना है कि वे एक अद्भुत कलाकार हैं, इसलिए उनका लिप सिंक करना गलत था।
लिप सिंक में गाना पीछे बजाया जाता है और कलाकार सिर्फ अपने होठ हिलाता रहता है। दूर से देखने पर लगता है कि कलाकार खुद गा रहा है।
एश ने आईएएनएस को बताया, “हालांकि कलाकार लिप सिंक करते हैं। यह कोई नई बात नहीं है। लेकिन मैं जस्टिन बीबर के कंसर्ट में लिप सिंकिंग से सहमत नहीं हूं, क्योंकि वे एक अद्भुत कलाकार हैं। वे बेहद बढ़िया गायक हैं और ऐसे गायक को लाइव सुनना एक अच्छा अनुभव होता।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं उनके प्रदर्शन को लेकर उत्साहित था। लेकिन मेरा खुद का शो था, इसलिए जा नहीं सका। उन्होंने जो कपड़े पहने थे शार्ट्स और टीशर्ट, मुझे फोटो देखकर लगा कि यह रिहर्सल की है।”
एश ने ‘आई लव यू’, ‘दिल गिरा दफ्तन’, ‘टे अमो’, ‘आंटी जी’, ‘मेहरबान’ और ‘अलीजा’ जैसे गाने गए हैं। उनका ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ का गाना ‘बारिश’ आजकल लोकप्रिय हो रहा है।
dharmpath.com dharmpath