ब्रसेल्स, 15 मई (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) ने उत्तर कोरिया द्वारा रविवार को किए गए बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण और पूर्व में किए गए परीक्षणों की निंदा करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
यूरोपीय विदेश एक्शन सर्विस (ईईएएस) के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा किए गए परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का गंभीर उल्लंघन हैं।
प्रवक्ता ने बताया, “उत्तर कोरिया द्वारा हाल ही में और पूर्व में किए गए परीक्षण अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा हैं और इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ेगा।”
उन्होंने कहा, “उत्तर कोरिया को इन परीक्षणों को रोकना चाहिए और पूर्ण एवं उचित तरीके से बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों से दूर रहना चाहिए।”
प्रवक्ता ने उत्तर कोरिया से आग्रह किया कि वह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ बातचीत करे। ईयू बातचीत की प्रक्रिया का समर्थन करने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने अंतर्राष्ट्रीय दबावों को दरकिनार कर रविवार को बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था।
dharmpath.com dharmpath