नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। सरकार देश भर में 15 स्थानों पर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने की योजना बना रही है, जिसकी अनुमानित लागत 33,000 करोड़ रुपये होगी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
योजना के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार को तमिलनाडु औद्योगिक विकास निगम (टीआईडीसीओ) के साथ राज्य के कमाराझार बंदरगाह के निकट पोन्नेरी इंडस्ट्रियल नोड क्षेत्र में ऐसा ही एक पार्क विकसित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एमओयू पर हस्ताक्षर के दौरान सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और तमिलनाडु के उद्योग मंत्री एम. सी. संपत उपस्थित थे।
गडकरी ने इस मौके पर कहा, “यह देश में एकीकृत मल्टीमॉडल परिवहन अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
उनका मंत्रालय लॉजिस्टिक एफिसिएंसी एनहैंसमेट प्रोग्राम (लीप) के तहत 15 स्थानों पर मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित करने की योजना बना रहा है।
मंत्रालय का मानना है कि इससे परिवहन की लागत घटेगी, वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और सड़कों पर जाम घटेगा और गोदाम के खर्च में कमी आएगी।
dharmpath.com dharmpath