मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘दो हंसों का जोड़ा’ में रीमा लागू के साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री शुभांगी अत्रे पूरे ने कहा कि अनुभवी अभिनेत्री प्रतिभा का भंडार थीं।
बॉलीवुड की पसंदीदा मां रीमा का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
उनके साथ बिताए पल को याद करते हुए शुभांगी ने कहा, “पहले दिन जब मुझे पता चला की शो में रीमा जी मां की भूमिका में हैं तो मैं बहुत उत्साहित थी। मैं बहुत खुश थी कि बेहतरीन अभिनेत्री और पर्दे पर कई सुपरस्टारों की मां बन चुकीं मेरे साथ काम करेंगी और मैं उनकी बेटी बनूंगी।”
उन्होंने कहा, “वह प्रतिभा का भंडार थीं और मैंने अभिनय कौशल और व्यावसायिकता जैसी कई चीजें उनसे सीखी। वह मुझे बहुत पसंद करती थीं और सेट पर मुझे लेकर चिंतित थीं। उनमें बिल्कुल घमंड नहीं था।”
उन्होंने उनके साथ की वड़ा-पाव की कहानी के बारे में भी बताया। यह उनका पसंदीदा डिश था।
‘भाबी जी घर पर हैं’ की अभिनेत्री ने कहा, “वह सेट पर मजे करती थीं, क्योंकि हमारे शो में कई भावनात्मक दृश्य थे। शूट के बाद वह काफी मजाक करती थीं। जब हम घर लौटते थे तो तरोताजा और सकारात्मक होते थे। शो प्रसारित होने के बाद वह मुझसे बात कर सलाह देती थीं। वह हमेशा मेरी स्मृतियों में रहेंगी।”
dharmpath.com dharmpath