लंदन, 22 मई (आईएएनएस)। रॉक बैंड क्वीन के प्रमुख गिरटारवादक ब्रायन मे का कहना है कि वह पिछले साल के ‘खराब दौर’ से गुजरने के बाद अब ‘काफी बेहतर स्थिति’ में हैं।
वेबसाइट ‘फीमेल फर्स्ट डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, अक्टूबर 2016 में ब्रायन ने घोषणा की थी कि निरंतर बीमारी से जूझने के कारण उन्हें अपनी शेष प्रतिबद्धताओं से पीछे हटना पड़ रहा है, लेकिन अब उन्होंने कहा है कि वह पहले से काफी बेहतर हैं।
उन्होंने कहा, “मैं क्रिसमस से पहले काफी बुरी स्थिति से गुजरा था और मैंने केवल टूर ही नहीं, अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। मैं वह सब नहीं कर पा रहा था।”
उन्होंने कहा, “मैं उसे अवसाद नहीं कहना चाहता। अब मैं अपने शरीर और मन पर ध्यान देने लगा हूं। पूरी जिंदगी मैंने कभी व्यायाम नहीं किया। लेकिन अब मेरी एक दैनिक प्रकिया है। मैं सुबह 40 मिनट व्यायाम करता हूं और उसके बाद ध्यान करता हूं। इससे मुझे स्वस्थ होने में काफी मदद मिली है। अब मैं पहले से काफी बेहतर स्थिति में हूं।”
69 वर्षीय संगीतकार अपने मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात करने को लेकर खुश हैं और उन्हें खुशी है कि इससे इस वर्जित विषय को लेकर जागरुकता बढ़ाने में मदद मिली है।
उन्होंने पत्रिका संडे टाइम्स को बताया, “मैंने देखा कि प्रिंस हैरी ने भी ऐसे ही इस बारे में खुलकर बात की थी। मुझे लगता है कि इस बारे में बात करना सही है, क्योंकि मुझे ढेरों मेल मिलते हैं, जिनमें कहा जाता है कि आपने इस बारे में बात की, जिससे मुझे भी ऐसा लगा कि मैं अकेला नहीं हूं। इसे एक वर्जित विषय नहीं समझा जाना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath