लास वेगास, 22 मई (आईएएनएस)। इमेजिन ड्रैगन्स बैंड के डेन रेनॉल्ड्स ने साउंडगार्डन एंड ऑडियोस्लेव बैंड के दिवंगत गायक क्रिस कॉर्नेल को बिलबोर्ड म्यूजिक अवार्ड समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वेबसाइट ‘ईऑनलाइन डॉट कॉम’ के मुताबिक, 21 मई की रात आयोजित अवॉर्ड समारोह में रेनॉल्ड्स ने कॉर्नेल (52) के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिनका पिछले सप्ताह निधन हो गया।
रेनॉल्ड्स ने कहा, “हालांकि यह रात संगीत और पिछले साल के कलाकारों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए है, लेकिन यह उन्हें याद करने की रात भी है, जिन्हें हमने इस सप्ताह खो दिया। साउंडगार्डन एंड ऑडियोस्लेव बैंड के गायक क्रिस कॉर्नेल एक सच्चे प्रवर्तक, संगीतकार और आधुनिक सिएटल ग्रंज संगीत आंदोलन के अग्रणी पैरोकार थे।”
रेनॉल्ड्स ने कॉर्नेल को एक महान कलाकार बताया, जिन्होंने क्रिस एंड विकी कार्नेल फाउंडेशन के जरिए दुनियाभर के कई बच्चों की मदद की।
उन्होंने कहा, “हालांकि क्रिस अब चले गए हैं, लेकिन उनके पदचिन्हों का अनुसरण करना चहिए। हम इस दुख की घड़ी में क्रिस के परिवार को हमारा सम्मान और प्यार भेजते हैं।”
मंच छोड़ने से पहले रेनॉल्ड्स ने दर्शकों से कुछ क्षणों के लिए मौन रखने का भी आग्रह किया।
विभिन्न संगीत कार्यक्रमों में कई रॉक बैंड और गायकों ने कॉर्नेल को श्रद्धांजलि दी है।
यू2 और मेटेलिका बी उन बैंड में से एक हैं, जिन्होंने इस सप्ताहांत विशेष प्रस्तुति दी।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि शुक्रवार को कॉर्नेल का लॉस एंजेलिस में अंतिम संस्कार किया जाएगा। हॉलीवुड फॉरएवर कब्रिस्तान में गायक का अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई जा रही है।
dharmpath.com dharmpath