नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। फुटबाल और बैडमिंटन लीग में बतौर सह-मालिक प्रवेश कर चुके भारत के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का कहना है कि वह तहेदिल से देश में कबड्डी को लोकप्रिय बनाना चाहते हैं और यही कारण है कि उन्होंने प्रो कबड्डी लीग की फ्रैंचाइजी चेन्नई के साथ जुड़ने का फैसला किया है।
सचिन प्रो-कबड्डी लीग में शामिल चार नई टीमों में से एक चेन्नई फ्रैंचाइजी के सह-मालिक हैं। हैदराबाद के व्यवसायी नीमागड्डा प्रसाद इस फ्रैंचाइजी में उनके सहयोगी हैं।
प्रसाद के पास व्यवसायिक और खेल के क्षेत्र में काफी अनुभव है और उनका कहना है कि जब प्रो-कबड्डी लीग में फ्रैंचाइजी टीमों की संख्या बढ़ाए जाने की पुष्टि हुई, तो सचिन ने खुद इसमें रुचि दिखाई।
हैदराबाद के पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने वाले प्रसाद ने इंडियन सुपर लीग फ्रैंचाइजी केरला ब्लास्टर्स फुटबाल क्लब को भी मजबूती प्रदान करने में अहम योगदान दिया है।
प्रसाद ने प्रो-कबड्डी लीग सीजन-5 की नीलामी से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सचिन आज कई खेलों से जुड़े हुए हैं। क्रिकेट में मुंबई इंडियंस के साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव के अलावा, वह केरला ब्लास्टर्स के भी सह-मालिक हैं। सचिन ने प्रो-कबड्डी लीग चेन्नई फ्रैंचाइजी के साथ जु़ड़ते हुए कहा था कि वह हर खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करना चाहते हैं और कबड्डी तो जमीन से जुड़ा हुआ खेल है।”
प्रसाद मैट्रिक्स लेबरॉटरीज, मां टीवी, केयर हास्पिटल से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा, केरला ब्लास्टर्स के लिए ग्रासरूट और युवा विकास कार्यक्रम के संचालन में उनकी अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा, “सचिन नीलामी के लिए दिल्ली आना चाहते थे लेकिन वह नहीं आ सके क्योंकि वह अपनी आगामी फिल्म ‘सचिन : ए बिलियन डॉलर ड्रीम्स’ के प्रचार में व्यस्त हैं, जो 26 मई को रिलीज हो रही है।”
सचिन के कबड्डी से जुड़ने के बारे में यू-मुंबा के कप्तान अनूप कुमार और तेलुगू टाइटंस द्वारा रीटेन किए गए खिलाड़ी राहुल चौधरी ने कहा कि सचिन जैसी शख्सियत के लीग से जुड़ने इसकी लोकप्रियता में और भी इजाफा होगा, क्योंकि जब कभी भी सचिन लीग के मैच के लिए स्टेडियम में पहुंचेंगे, तो उनको देखने वाले दर्शक भी बड़ी संख्या में स्टेडियमों में आएंगे। निश्चित तौर पर इससे कबड्डी की लोकप्रियता को और भी फायदा मिलेगा।
dharmpath.com dharmpath