ट्रंप ने फिलिस्तीन के राष्ट्रपति से मुलाकात की

बेथलेहम, 23 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से बेथलेहम में मुलाकात की।

ट्रंप ने एक दिन पहले ही फिलिस्तीन और इजरायल के बीच शांति प्रक्रिया बहाल करने में मदद का वादा किया था।

ट्रंप ने अब्बास के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मुझे उम्मीद है कि शांति स्थापित करने और क्षेत्र में तथा क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगाने में फिलिस्तीन और इजरायल की मदद अमेरिका कर सकता है।”

ट्रंप ने मध्यपूर्व के देशों के दौरे के आखिरी दिन कहा, “मेरा पुरजोर विश्वास है कि यदि इजरायल और फिलिस्तीन के बीच शांति बहाल हो जाए तो पूरे मध्यपूर्व में शांति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।”

‘वाशिंगटन एग्जामिनर’ के मुताबिक, ट्रंप का वाहन काफिला इजरायल की विवादास्पद दीवार से सटी जांच चौकी को पार करते हुए बेथलेहम पहुंचा। बेथलेहम पहुंचने पर राष्ट्रपति पैलेस के बाहर अब्बास और अन्य गणमान्य लोगों ने ट्रंप का स्वागत किया।

ट्रंप ने बेथलेहम को एक ‘बेशकीमती शहर’ बताते हुए कहा कि वह इजरायल और फिलिस्तीन के बीच शांति समझौता कराने के लिए सबकुछ करने की इच्छा रखते हैं।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के बाद अब्बास ने सोमवार को कहा, “हम इस क्षेत्र और दुनियाभर के सभी धर्मो के लोगों के लिए एक अधिक शांतिपूर्ण भविष्य हासिल करना चाहते हैं।”

इजरायल और फिलिस्तीन के बीच पिछले तीन वर्षो से अधिक अवधि में कभी प्रत्यक्ष वार्ता नहीं हुई। ट्रंप ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि यह सबसे कठिन कार्यो में से एक है।

बीबीसी के मुताबिक, फिलिस्तीनी नागरिकों ने ट्रंप के वेस्ट बैंक और गाजा दौरों का विरोध किया है।

अब्बास ने कहा कि वह ट्रंप के नेक और संभावित मिशन का स्वागत करते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493