तेहरान, 24 मई (आईएएनएस)। ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा है कि हाल ही में अमेरिका और सऊदी अरब के बीच हुए हथियार सौदे से क्षेत्रीय सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, ईरान के सैन्य कमांडर मेजर जनरल याहया रहीम सफावी ने कहा, “अमेरिका और सऊदी अरब के बीच हुआ हथियारों का सौदा न सिर्फ मध्य पूर्व में सुरक्षा कायम करने में कोई योगदान नहीं दे सकेगा, बल्कि क्षेत्र में असुरक्षा और तनाव को भी बढ़ावा देगा।”
रहीम सफावी ने कहा, “अमेरिका अपने फायदे के लिए क्षेत्रीय असुरक्षा को बढ़ावा देता है और मुस्लिम देशों के बीच तनाव पैदा करता है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, उन्होंेने कहा कि अन्य देशों के लिए ईरान की प्रमुख नीति संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना है।
उन्होंेने जोर देते हुए कहा कि ठोस प्रयास और प्रत्यक्ष संवाद के जरिए क्षेत्रीय सुरक्षा और आम सहमति कायम की जा सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब के साथ रियाद में 110 अरब डॉलर का हथियार सौदा किया है।
सऊदी अरब की यात्रा के दौरान ट्रंप ने क्षेत्रीय देशों से ईरान को अलग-थलग करने के लिए कहा था, जिसे सफावी मे सांप्रदायिक संघर्ष और आतंक को बढ़ावा देने के लिए आग में घी डालने वाला कदम बताया।
ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ ने सोमवार को कहा था कि ट्रंप की हालिया ईरान विरोधी टिप्पणी और बढ़ता ईरान फोबिया (ईरान से डर) का मकसद अमेरिका द्वारा सऊदी अरब का इस्तेमाल कर फायदा उठाना है।
dharmpath.com dharmpath