नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। हाल ही में फीफा रैंकिंग में शीर्ष-100 में जगह बनाने वाली भारतीय फुटबाल टीम के कोच स्टीफन कांस्टेनटाइन का कहना है कि उन्हें इस तरह की टीम बनाने में दो साल लग गए और लगातार इसे बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी हैं।
कांस्टेनटाइन का कहना है कि टीम को यह रैंकिंग उसके लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर हासिल हुई है।
भारत को एएफसी कप के क्वालिफायर में किर्गिस्तान के खिलाफ उतरना है। मैच से पहले भारतीय टीम मुंबई में अभ्यास शिविर में तैयारी कर रही है।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा जारी बयान के अनुसार कांस्टेनटाइन ने कहा, “टीम जिस तरह से मैच से पहले तैयारी कर रही है, उसमें काफी सुधार हुआ है। हम अपने अभ्यास सत्र में इस बात को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहे हैं कि हमें किस तरह से मैच में खेलना है। साथ ही हम हर पोजिशन को ध्यान में रखकर अभ्यास कर रहे हैं।”
टीम ने अपने पिछले 13 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में से 11 में जीत हासिल की है। इस पर कोच ने कहा, “यह टीम की मेहनत और खुद में विश्वास करने का नतीजा है। जब मैं आया था, मुझे याद है, मैंने कहा था कि आप एक महीने में टीम नहीं बना सकते। हमें इस तरह की टीम बनाने, जो अपने दिन किसी भी टीम को टक्कर दे सकती है, में दो साल का समय लगा।”
dharmpath.com dharmpath