कोलकाता, 26 मई (आईएएनएस)। वित्त वर्ष 2016-17 की चौथी तिमाही में टाटा केमिकल्स का मुनाफा 32 फीसदी बढ़कर 343.02 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले समान अवधि में यह 260.21 करोड़ रुपये था।
हालांकि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय में 15.8 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह 3,002.33 करोड़ रुपये रही। जबकि वित्त वर्ष 2015-16 की चौथी तिमाही के दौरान यह 3,565.20 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार में दर्ज की गई नियामकीय रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
समीक्षाधीन अवधि में कंपनी के खर्च में गिरावट दर्ज की गई और यह 2,733.96 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2015-16 की चौथी तिमाही में यह 3,310.56 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. मुकुंदन ने बताया, “समीक्षाधीन तिमाही में भारतीय परिचालन का प्रदर्शन बेहतर रहा। वहीं, उत्तर अमेरिकी परिचालन में उत्पादन में कमी के बावजूद प्रदर्शन स्थिर रखने में सफलता मिली। हमारा मुख्य जोर परिचालन में सुधार तथा लागत में कटौती कर मुनाफे में विस्तार करना है।”
dharmpath.com dharmpath