इस्लामाबाद, 27 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने एक जुलाई से शुरू होने वाले वित्तवर्ष 2017-18 दौरान चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) तथा इसकी परियोजनाओं के लिए 180 अरब रुपये (1.71 अरब डॉलर) का आवंटन किया है।
देश के वित्तमंत्री इशाक डार ने संसद में सीपीईसी की विभिन्न परियोजनाओं का जिक्र किया। मंत्री ने शुक्रवार को 4,757 अरब रुपये का बजट पेश किया था।
उन्होंने नेशनल असेम्बली से कहा कि बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर शहर का विकास चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के विकास की नींव है।
मंत्री ने कहा, “सड़क संपर्क नेटवर्क, हवाईअड्डे के विस्तार व आधुनिकीकरण तथा इलाके के विकास के लिए एक व्यापक योजना का क्रियान्वयन किया गया है। साल 2017-18 के बजट में ग्वादर के विकास की 31 परियोजनाओं के लिए बजट आंवटित किया गया है, जिनमें ग्वादर मास्टर प्लान का क्रियान्वन, 200 बिस्तरों का एक अस्पताल, 200 मेगावाट विद्युत उत्पादन तथा अलवणीकर संयंत्र का निर्माण शामिल है।”
उन्होंने कहा कि जुलाई से अप्रैल की अवधि के दौरान, आयात 37.8 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है।
अगले वित्तवर्ष में पाकिस्तान का रक्षा खर्च चालू वित्तवर्ष के मुकाबले लगभग सात फीसदी अधिक होगा। वर्तमान में यह 920.2 अरब रुपये है।
मंत्री ने कहा कि व्यापार घाटे के अनुमान से अधिक होने के बावजूद पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार वर्तमान में 16 अरब रुपये है।
dharmpath.com dharmpath