मोनाको, 27 मई (आईएएनएस)। फेरारी टीम के चालक किमी राइकोनेन ने मोनाको ग्रां प्री की मुख्य रेस के लिए पोल पोजीशन हासिल कर ली है। वहीं, मर्सीडीज टीम के मौजूदा विश्व चैम्पियन लुइस हेमिल्टन को 14वां स्थान मिला है।
राइकोनेन ने शनिवार को आयोजित क्वालीफाइंग रेस में पहला स्थान हासिल किया। नौ साल में वह पहली बार पोल पोजिशन हासिल करने में सफल हुए हैं। अंतिम बार उन्होंने 2008 में फ्रेंच ग्रां प्री में यह कारनामा किया था।
राइकोनेन ने अपनी टीम के चालक सेबास्टियन वीटल को 0.043 सेकेंड और मर्सीडीज टीम के चालक वाल्टन वोटास को पीछे छोड़ा। इन दोनों को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला।
बीबीसी ने राइकोनेन के हवाले से लिखा है, “हम जानते थे की हम क्या कर रहे हैं। हम टीम के साथ रेस कर रहे थे। हमारे कुछ नियम हैं। लोगों को पिछले दो वर्षो से कुछ अलग की उम्मीद है। हालांकि कुछ भी नहीं बदला है।”
राइकोनेन रविवार को होने वाली मुख्य रेस के लिए ग्रीड पर पहले स्थान से शुरुआत करेंगे। मोनाको ग्रां प्री को विश्व चैम्पियनशिप कैलेंडर की सबसे कठिन रेसों में से एक माना जाता है।
dharmpath.com dharmpath