पेरिस, 1 जून (आईएएनएस)। छठी विश्व वरीयता प्राप्त यूक्रेन की महिला टेनिस खिलाड़ी एलिना स्वितोलीना और पोलैंड की एग्निएस्का रादवांस्का ने गुरुवार को फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में स्वितोलीना ने बुल्गारिया की स्वेताना पिरोंकोवा को मात दी, वहीं दूसरे वर्ग के एक अन्य मैच में 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त रादवांस्का ने बेल्जियम की एलिसन वान को हराया।
स्वितोलीना ने एक घंटे 50 मिनट तक चले मैच में पिरोंकोवा 3-6, 6-3, 6-2 से मात दी।
वहीं, रादवांस्का ने 113वीं विश्व वरीयता प्राप्त एलिसन को दो घंटे 22 मिनट तक खिंचे लंबे मैच में 6-7 (3-7), 6-2, 6-3 से मात दी।
इसके अलावा, 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त बारबोरा स्ट्रायकोवा को महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में उलटफेर का शिकार होना पड़ा। फ्रांस की एलिज कोर्नेट ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।
विश्व की 43वीं वरीयता प्राप्त कोर्नेट ने चेक गणराज्य की बारबोरा को सीधे सेटों में 6-4, 6-1 से मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath