वाशिंगटन, 2 जून (आईएएनएस)। लॉस एंजेलिस के महापौर एरिक गारसेटी ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्हें 60 साथी महापौरों के साथ पेरिस समझौते के लक्ष्यों को मंजूरी देने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि ये सभी महापौर राष्ट्रीय जलवायु कार्य एजेंडा (एमएनसीएए) के प्रति बचनबद्ध हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह एजेंडा क्लाइमेट मेयर्स के रूप में भी जाना जाता है और 4.3 करोड़ से अधिक अमेरिकियों का प्रतिनिधित्व करने वाले 88 अमेरिकी महापौरों का नेटवर्क है।
वे ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन को कम करने और संघीय व वैश्विक स्तर की बाध्यकारी नीति बनाने के लिए स्थानीय प्रयासों को मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करते हैं।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेरिस जलवायु समझौते को मंजूरी देने के फैसले को रद्द कर दिया है, जिसकी प्रतिक्रिया में गारसेटी के नेतृत्व वाले संगठन ने कहा है कि वह इस समझौते के लक्ष्यों को मंजूरी देंगे, इसका सम्मान करेंगे और इसके प्रति बचनबद्ध रहेंगे।
संगठन के मुताबिक, “हम अपने हर शहर के मौजूदा जलवायु परिवर्तन संबंधी लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास तेज करेंगे, और 1.5 डिग्री सेल्सियस के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नए कदम उठाएंगे और 21वीं सदी का परिष्कृत ऊर्जा अर्थव्यवस्था बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।”
उन्होंने नवीनीकरण ऊर्जा में निवेश बढ़ाने और इलेक्ट्रिक कारें, ट्रकों को खरीदने और इनकी मांग बढ़ाने के प्रयास करने की भी बात कही।
महापौरों ने कहा कि अगर राष्ट्रपति सहयोगियों के साथ किए वादे और ऐतिहासिक पेरिस समझौते के करार को खत्म करना चाहते हैं तो वे विनाशकारी पर्यावरण से इस ग्रह को बचाने के लिए दुनियाभर में अपने सहयोगियों के साथ संबंधों को और मजबूत करेंगे।
इस बयान पर गुरुवार अपराह्न तक 61 महापौरों ने हस्ताक्षर किए, जिनमें कई बड़े अमेरिकी शहरों जैसे न्यूयॉर्क, लॉस एंजेलिस, सैन फ्रांस्किो, सिएटल, फीनिक्स आदि के महापौर भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath