स्कूली दिनों में इतिहास में ज्यादा रूचि नहीं थी : मोहित मारवाह

नतालिया निंगथाउजैम

नतालिया निंगथाउजैम

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित आगामी फिल्म ‘राग देश : बर्थ ऑफ ए नेशन’ में इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) अधिकारी की भूमिका निभा रहे अभिनेता मोहित मारवाह का कहना है कि एक विषय के रूप में स्कूल के दिनों में उन्हें इतिहास में ज्यादा रुचि नहीं थी और वह इसमें कमजोर थे।

द्वितीय विश्व युद्ध के संदर्भ में आईएनए ट्रायल पर आधारित इस फिल्म में अभिनेता कर्नल प्रेम सहगल की भूमिका में नजर आएंगे।

मोहित ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, “इतिहास दिलचस्प है, द्वितीय विश्व युद्ध, भारत की स्वतंत्रता..लेकिन स्कूल के दिनों में मैं इतिहास में रुचि नहीं रखता था, इतिहास में मैं ज्यादा अच्छा नहीं था। स्कूल के बाद ही मैंने विजुअल माध्यम से इतिहास के बारे में ज्यादा जाना। मैंने वृत्तचित्र और फिल्में देखी और इसका ज्यादा आनंद लिया।”

अपनी भूमिका की तैयारी के लिए मोहित ने अपने मामा व अभिनेता अनिल कपूर की 2000 में आई फिल्म ‘पुकार’ कई बार देखी, लेकिन उसका यह मतलब नहीं कि उन्होंने किताबें नहीं पढ़ी।

मोहित ने बताया कि फिल्म के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया और उनकी टीम ने बहुत जानकारियां एकत्र की और यह वास्तविक जीवन पर आधारित कहानी है। फिल्म में 1930-1940 के दशक को दिखाया गया है।

अभिनेता के अनुसार, “उनके (कर्नल सहगल) बारे में इंटरनेट पर पर्याप्त जानकारी उपलब्ध है। मैंने वृत्तचित्र देखी और किताबें भी पढ़ी। मैं आशा करता हूं कि मैंने उनके किरदार के साथ न्याय किया है।”

शोध के रूप में मोहित ने ट्रायल से जुड़े सैनिकों के परिवार वालों से भी बात की, जो 1945-1946 में हुआ था।

उन्होंने बताया कि एक दिन विमान में वह किसी से मिले, जिसने उन्हें बताया कि कैसे उसके दादा इस मामले में शामिल थे। लोगों को..खासकर दूसरी और तीसरी पीढ़ी को इस विषय में ज्यादा रुचि है।

अभिनेता अपनी पहली फिल्म ‘फगली’ (2014) के बाद दूसरी फिल्म ‘राग देश..’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह 28 जुलाई को रिलीज हो रही है।

मोहित का मानना है कि कहानी में अगर नयापन और ताजगी है तो दर्शक भी इसे देखने के लिए उत्साह दिखाएंगे।

एक विषय के रूप में फिल्मों में देशभक्ति के रुझान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “इस विषय पर हमारे पास उचित मात्रा में फिल्में आ रही हैं। फिल्म उद्योग के रूप में सभी पहलुओं और फिल्म निर्माण की हर विधा से वाकिफ होना चाहिए।”

अभिनेता ने कहा, “देशभक्ति से लेकर रोमांटिक और एक्शन फिल्में..विभिन्न प्रकार की चीजों का अच्छा सम्मिश्रण होती हैं।”

यह पूछे जाने पर कि उन्होंने दूसरी फिल्म साइन करने में समय लिया और इस फिल्म के बाद दर्शकों को उनसे क्या उम्मीद करनी चाहिए तो अभिनेता ने कहा वह अभी कुछ फिल्मों की पटकथा पढ़ रहे हैं और अभी तक कोई दूसरी फिल्म साइन नहीं की है।

मोहित ने लघु फिल्मों और थिएटर में भी काम किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493