बीजिंग, 3 जून (आईएएनएस)। चीन आकाशगंगा में पल्सर के अध्ययन के लिए ‘हार्ड एक्स-रे मॉड्यूलेशन टेलीस्कोप’ (एचएक्सएमटी) नामक अंतरिक्ष दूरबीन लॉन्च करने जा रहा है।
चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज में पार्टिकल एस्ट्रोफिजिक्स प्रयोगशाला के निदेशक तथा एचएक्सएमटी के प्रमुख वैज्ञानिक झांग शुआंगनान ने कहा, “हमें अब तक यह नहीं पता कि पल्सर के भीतर आखिर क्या है।”
झांग ने कहा, “भौतिकी के मौजूदा नियम पल्सर के भीतर मौजूद कणों के बारे में बेहतर विवरण नहीं दे सकते, क्योंकि दुनिया में ऐसी कोई प्रयोगशाला नहीं है, जिसमें पल्सर जितना उच्च घनत्व पैदा किया जा सके।”
एचएक्सएमटी के पेलोड के मुख्य डिजाइनर लू फांगजून ने कहा कि पल्सर के दीर्घकालिक अध्ययन से उसके ऊर्जा के स्रोतों के रहस्यों का खुलासा करने में मदद मिल सकती है।
पल्सर इतना विचित्र तारा है कि जब पहली बार उसकी खोज हुई थी, तो लोग उसे एलियन का संकेत समझ बैठे थे। इस तरह के तारों के बारे में अभी भी कई अनसुलझे रहस्य हैं।
ब्रिटेन के खगोलविद् जोसिलिन बेल बरनेल तथा एंटनी हेविश ने सन् 1967 में पहले पल्सर की खोज की थी।
dharmpath.com dharmpath