चेन्नई, 5 जून (आईएएनएस)। अभिनेता-निर्माता उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को कहा कि वह आगामी तमिल फिल्म में फिल्मकार प्रियदर्शन के साथ काम करेंगे। फिल्म का नाम अभी तय नहीं है।
उदयनिधि ने ट्वीट किया, “निर्देशक प्रियदर्शन सर के साथ अपनी अगली फिल्म की घोषणा करने पर खुशी हो रही है। मूनशॉट एंटरटेनमेंट के संतोष सर इसका निर्माण करेंगे।”
इस फिल्म के बारे में अभी ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है। फिल्म ‘मनिथन’ के अभिनेता के एक करीबी सूत्र ने कहा कि यह एक मनोरंजक फिल्म होगी।
सूत्र के अनुसार, “फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू हो जाएगी, हालांकि फिल्म के विषय को लेकर रहस्य बना हुआ है। माना जा रहा है कि यह प्रियदर्शन की अन्य फिल्मों की तरह मनोरंजन से भरपूर फिल्म होगी।”
फिलहाल उदयनिधि अपनी दो तमिल फिल्मों ‘पोदुवगा एन मनासु थांगम’ और ‘इप्पादाई वेलुम’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच, जानकारी मिली है कि प्रियदर्शन अपनी मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ की हिंदी रीमेक का निर्देशन करने जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath