जेनेवा, 6 जून (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र की प्रवजन एजेंसी इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने मंगलवार को कहा कि उसकी योजना श्रीलंका में बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों की सहायता के लिए 3,700 आवास मरम्मत किट, 5,000 गैर-खाद्य राहत आइटम किट तथा 250 अस्थायी आवास प्रदान करने की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आईओएम ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र की केंद्रीय आपात प्रतिक्रिया कोष से धन की मांग करेगा और इससे 74,750 लोगों की मदद होगी।
भीषण बाढ़ तथा भूस्खलन से दक्षिण तथा मध्य श्रीलंका में 684,000 लोग प्रभावित हुए हैं।
एक दशक के दौरान सबसे भीषण बाढ़ में कम से कम 212 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 79 अन्य लापता हैं।
आईओएम ने पिछले सप्ताह श्रीलंका के कुछ जिलों में प्रारंभिक त्वरित आकलन किया, जिसमें उसने पाया कि बाढ़ के पानी तथा कीचड़ में मकान तथा गांव बह चुके हैं।
उसने श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र के आंकड़ों का हवाला दिया, जिसके मुताबिक 2,500 मकान ध्वस्त हो गए हैं और लगभग 15,900 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
आईओएम ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा, “संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि क्षति के आकलन का एजेंसी का आकड़ा अगले कुछ सप्ताह में सामने आएगा।”
संयुक्त राष्ट्र एजेंसी के मुताबिक, लगभग 22,000 लोग स्कूलों, मंदिरों तथा गिरिजाघरों सहित 200 से अधिक ‘सुरक्षित आश्रयस्थलों’ में पनाह लिए हुए हैं।
आईओएम श्रीलंका चीफ ऑफ मिशन गिउसेपे क्रोसेटी ने कहा, “लोगों को आश्रय तथा अन्य गैर-खाद्य राहत वस्तुओं की जरूरत होगी (जब वे आश्रय स्थल छोड़ेंगे) और हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत होगी कि विभिन्न जगहों पर जिन सहायता वस्तुओं के वितरण किए जाएंगे वे अति महत्वपूर्ण होंगे और प्रभावित प्रत्येक परिवार के लिए उपयुक्त होंगे।”
dharmpath.com dharmpath