मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। देश की दो फुटबाल लीग-इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) और आई-लीग इस सीजन में एक साथ आयोजित किए जा सकते हैं।
इस बात के संकेत अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने गुरुवार को दिए हैं।
एशियाई फुटबाल परिसंघ (एएफसी) की बुधवार को भारतीय फुटबाल के हित धारकों के साथ हुई बैठक में दीर्घ कालीन कार्यक्रम की योजना बनाने के लिए एआईएफएफ एक समिति का गठन करेगी।
एआईएफएफ की गुरुवार को हुई कार्यकारी समिति और विशेष बैठक में शामिल एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “कागजों पर कुछ भी नहीं है लेकिन मौखिक तौर पर यह प्रस्ताव अध्यक्ष के सामने रखा गया।”
एआईएफएफ के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि चूंकि नवंबर से अप्रैल के बीच में ही टूर्नामेंट होने हैं तो दो अलग-अलग लीगों का आयोजन मुश्किल होता है।
उन्होंने कहा, “आईएसएल में टीमों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसलिए आई-लीग और आईएसएल के अलग अलग आयोजन की संभावना कम है। भारतीय फुटबाल टीम को भी इस बीच एएफसी एशियन कप क्वालीफायर के मैच खेलने हैं इसके बाद टीम को मई में सैफ टूर्नामेंट खेलना है।”
अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, “दोनों लीगों को एक साथ कराने के अलावा कोई और चारा नहीं है। इस पर विस्तार से चर्चा होना है लेकिन हमें इस पर जल्दी फैसला लेना होगा।”
पटेल ने क्लबों से कहा है कि वह उनसे राष्ट्रीय राजधानी में आकर मिलें।
कोलकाता के दो दिग्गज क्लब ईस्ट बंगाल और मोहन बागान इस बैठक को लेकर उत्सुक हैं क्योंकि उनका भविष्य अधर में लटका है। दोनों क्लबों ने कहा कि वह प्रस्तावित नई आईएसएल के लिए 15 करोड़ रुपये की फ्रेंचाइजी फीस नहीं देंगे।
आईएसएल टीम को एएफसी कप में जगह मिलेगा या नहीं इस पर भी कोई अंतिम फैसला नहीं निकला है।
dharmpath.com dharmpath