श्रीलंका के चोटिल खिलाड़ी कुशल परेरा चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर

लंदन, 10 जून (आईएएनएस)। आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जाने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक मुकाबले खेलने से पहले श्रीलंका को झटका लगा है। उसके बल्लेबाज कुशल परेरा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

उन्हें भारत के खिलाफ हुए मैच में मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हो गई थी। जिसके कारण उन्हें बीच में से बल्लेबाजी छोड़ कर जाना पड़ा था।

वह चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर होने वाले श्रीलंका के दूसरे खिलाड़ी हैं। उनके पहले चमारा कपुगेदरा भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। धनंजय डी सिल्वा, कुशल परेरा का स्थान लेंगे। आईसीसी की टूर्नामेंट तकनीकी समिति ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है।

धनंजय ने इसी साल श्रीलंका के दक्षिण अफ्रीका दौर पर फरवरी में अपना आखिरी एकदिवसीय मैच खेला था। वह शनिवार को लंदन पहुंच चुके हैं।

क्रिकइंफो ने श्रीलंका टीम के मैनेजर असंका गुरसिंहा के हवाले से लिखा है, “हमें पिछली रात बुरी खबर मिली। उनकी (परेरा) की मांसपेशियों की समस्या सभी ने जितना सोचा था उससे कई ज्यादां गंभीर है।”

उन्होंने कहा, “डॉक्टर ने कहा है कि यह गंभीर चोट है। वह अगले कुछ दिनों में स्वदेश लौट सकते हैं। उपुल थरंगा के ऊपर प्रतिबंध है इसलिए हमने धनंजय को पहले ही बुला लिया था।”

श्रीलंका ने भारत को सात विकेट से मात दी थी। इस मैच में परेरा ने कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के साथ 75 रनों की साझेदारी की थी। वह 47 रनों के निजी स्कोर पर चोट के कारण पवेलियन लौट गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493