लंदन, 16 जून (आईएएनएस)। गायिका रीता ओरा ने ग्रेनफेल टॉवर में लगी भीषण आग के पीड़ितों की मदद के लिए दान किया है।
रीता का ग्रेनफेल टावर से भावनात्मक लगाव है। उनका बचपन इसके पड़ोस में बीता है। वह यहां खेलने आया करती थीं।
वह ग्रेनफेल टॉवर गईं, जहां बुधवार रात आग लगने से 12 निवासियों की मौत हो गई थी।
70 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें 18 की हालत नाजुक है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
वेबसाइट ‘मिरर डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक, लंदन में पली-बढ़ी गायिका पश्चिम लंदन में घटनास्थल पर पीड़ितों की मदद करती नजर आईं। वह इस घटना से प्रभावित लोगों के लिए कपड़ों, भोजन और अन्य जरूरी चीजों की व्यवस्था करते हुए देखी गईं।
ओरा ने स्नैपचैट पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह काले बैग में रखे जरूरी सामान के जरिए लोगों की मदद कर रही हैं।
ओरा (26) ने बताया कि बचपन के दिनों में वह ग्रेनफेल टॉवर में खेला करती थीं। वह पड़ोस में रहती थीं। भीषण आग की चपेट में आए टॉवर को देखर उन्हें बहुत तकलीफ हुई।
उन्होंने कहा, “यह मेरा पड़ोस है, मुझे यकीन नहीं होता कि यह हो गया है।”
गायिका ने कहा, “हर पीड़ित के साथ मेरी दुआएं हैं, मेरा दिल तेजी से धड़क रहा है। मैं टॉवर के मंजिलों पर खेला करती थी। मैं जो भी मदद कर सकती हूं..करना चाहती हूं।”
उन्होंने ट्वीट किया, “इस भयावह खबर को सुनकर सदमे में हूं और टूट गई हूं। पशिचमी लंदन में हुए इस भयावह घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”
ओरा का जन्म कोसोवो में हुआ था, लेकिन एक साल की उम्र में ही वह अपने परिवार के साथ लंदन आकर बस गईं थीं।
dharmpath.com dharmpath