हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में भारत की अगली भिड़ंत कनाडा से (लीड-1)

लंदन, 16 जून (आईएएनएस)। अपने पहले मैच में जीत हासिल करने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम हॉकी वर्ल्ड लीग (डब्ल्यूएचएल) सेमीफाइनल्स के दूसरे मैच में कनाडा टीम से भिड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

हॉकी विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारतीय टीम के लिए 11वें स्थान पर काबिज कनाडा टीम को हराना मुश्किल नहीं होगा।

कनाडा के खिलाफ टीम का अब तक का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। 2015 और 2016 सुल्तान अजलान शाह कप टूर्नामेंट में भारत ने कनाडा पर 5-3 और 3-1 से जीत हासिल की थी। हालांकि, भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत का मानना है कि उन्हें कनाडा टीम को कमतर नहीं आंकना चाहिए।

मनप्रीत ने कहा, “भले ही कनाडा की टीम विश्व रैंकिंग में हमसे नीचे हो, लेकिन हम उसे कमतर नहीं आकेंगे। वह अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं और इसलिए, हमारे लिए अपने-अपने लक्ष्यों और कोच की रणनीतियों के साथ डटे रहना बेहद जरूरी है।”

हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफानल्स की शुरुआत से पहले दो अनुभवी खिलाड़ियों रुपिंदर पाल सिंह और एस.के. उथप्पा के बाहर होने के कारण भारतीय टीम पर इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव नजर आ रहा था, लेकिन स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मैच से भारत ने स्वयं को प्रबल दावेदार साबित किया है।

रुपिंदर और उथप्पा के बाहर जाने से भारतीय टीम के प्रदर्शन में कमी के सवाल पर कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने कहा था कि इस साल फरवरी से ही इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए प्रयास कर रहे हैं। टीम के पास कई विकल्प हैं और इसलिए, रुपिंदर और उथप्पा का टीम में न होना इस टूर्नामेंट में भारत के प्रदर्शन को प्रभावित नहीं करेगा।

कोच ओल्टमैंस की बात को भारतीय टीम ने सही साबित किया और वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के पहले मैच में स्कॉटलैंड को 4-1 से मात दी। इस मैच में भारत के लिए रमनदीप सिंह ने दो और आकाशदीप सिंह, हरमनप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किया।

इस मैच के बारे में मनप्रीत ने कहा, “हम जानते थे कि हमने अच्छी शुरुआत नहीं की है, लेकिन मध्यांतर ब्रेक में कोच ने हमें विश्वास दिलाया कि हमारे पास अब भी 30 मिनट बाकी हैं और अब भी जीत संभव है। उन्होंने हमें और भी ऊर्जा और आक्रामकता के साथ मैच में उतरने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने हमें स्कॉटलैंड के खिलाफ हमारी रणनीति भी याद दिलाई, जिसके हमने ब्रेक के बाद सफर रूप से लागू करते हुए जीत हासिल की।”

कनाडा से मैच के बाद भारत की सामना 18 जून को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा और इस मैच का टीम के साथ-साथ खेल प्रेमियों को भी बेसब्री से इंतजार है।

टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कोच ओल्टमैंस ने कहा था कि अगर भारतीय टीम को जीत हासिल करनी है, तो उसे अधिक से अधिक गोल दागने होंगे।

भारत के लिए टूर्नामेंट को जीत पाना आसान नहीं होगा, क्योंकि इसमें विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज अर्जेटीना और चौथे स्थान पर शामिल नीदरलैंड्स जैसी बेहतरीन टीमें भी खेल रही हैं। नीदरलैंड्स ने अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान को हराया है।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच के बाद भारत का सामना 20 जून को नीदरलैंड्स से होगा, जो भारतीय टीम की खिताबी जीत में सबसे बड़ा रोड़ा साबित हो सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493