मोहित चौहान करेंगे कौशल भारत अभियान में शिरकत

नई दिल्ली, 17 जून (आईएएनएस)। सुप्रसिद्ध गायक एवं गीतकार मोहित चौहान कौशल भारत अभियान में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय का सहयोग करेंगे। कुशल भारत अभियान केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी योजना है, जिसमें 2022 तक एक करोड़ लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। कौशल विकास के क्षेत्र में यह दुनिया की सबसे बड़ी मुहिम है। इसके संचालन का दायित्व राष्ट्रीय कौशल विकास निगम पर है।

चौहान ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि भारत को विश्व की कौशल राजधानी बनाने के लिए वह स्वयं युवाओं से अपील करेंगे। जहां तक भी संभव हो सकेगा, वह यह संवाद पहुंचाने की कोशिश करेंगे, ताकि देश के ज्यादा से ज्यादा युवा कौशल अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों तक में वह अपने कार्यक्रमों के जरिए कुशल भारत अभियान के बारे में लोगों को बताएंगे।

अपने दिल्ली यात्रा के क्रम में वह ओखला स्थित कौशल केंद्र देखने भी गए और वहां की सुविधाओं एवं व्यवस्था से बेहद प्रभावित हुए। उसे देखने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल केंद्र सही मायने में राष्ट्र निर्माण केंद्र हैं।

निगम के महानिदेशक मनीष कुमार ने समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे देशभर में कौशल विकास कार्य को गति मिलेगी और युवा कौशल प्रशिक्षण लेकर खुद अपने पैरों पर खड़े होने के लिए आगे बढ़ेंगे। यदि मोहित चौहान जैसे लोकप्रिय कलाकार कौशल विकास के संवाद को युवाओं के सामने रखेंगे तो निश्चय ही इसका बड़ा प्रभाव होगा।

क्रिकेट सम्राट सचिन तेंदुलकर, सिने अभिनेत्री शबाना आजमी, केश विन्यास पेशेवर जावेद हबीब आदि सुपरिचित हस्ताक्षर पहले से ही कुशल भारत अभियान से जुड़े हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493