चंदगी राम अखाड़े को मिली नई पहचान

नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। देश के मशहूर चंदगी राम अखाड़े में पिछले चार दशकों से कुश्ती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पद्मश्री से सम्मानित मास्टर चंदगी राम ने 70 के दशक में कुश्ती का प्रशिक्षण देना शुरू किया था।

हालांकि, इस अखाड़े की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी लेकिन चंदगी राम के पुत्र जगदीश कालीरमन, ‘चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट’ के अध्यक्ष आर. पी. सिंह और चंदगी राम के शिष्यों मूलचंद सहरावत, मुंबई महारथी टीम के मालिक (पीडब्ल्यू) अर्जुन अवार्डी जगरूप सिंह राठी के सामुहिक प्रयासों से पुराने कुश्ती अखाड़े का नवीनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है।

चंगदी राम अखाड़े की खराब हालत और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद भी खिलाडियों ने अपना अभ्यास जारी रखा। अक्सर बारिश के दौरान यमुना नदी का जल स्तर बढने से अखाड़े में पानी भर जाता था। अब इसकी स्थिति सुधर गई है और अखाड़े में खिलाडियों को प्रतिदिन प्रशिक्षण देने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच सहदेव सिंह बाल्यान के साथ भारतीय व विदेशी कोच भी उपलब्ध है।

कुश्ती कोच व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित कृपाशंकर बिश्नोई ने बताया कि अब चंदगी राम अखाड़ा 21वीं सदी में आधुनिकता की दौड़ में शामिल हो गया है। अखाड़े के कुश्ती हाल को वातानुकूलित बनाया गया है।

इसमें रेसलिंग मैट, बैटल रोप, टी.आर.एक्स, विडियो रिकार्डिग/विडियो विश्लेषण के द्वारा कुश्ती प्रशिक्षण, वातानुकुलित जिम, वैट ट्रेनिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है।

महिला एवं पुरुष पहलवानों के लिए वातानुकूलित छात्रावास भी है। भोजन का प्रबंध कुश्ती प्रशिक्षण के अनुकूल डायटीशियन की निगरानी में किया जाता है।

बाल्यान ने कहा, “पद्मश्री चंदगी राम का महिला कुश्ती के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान है। भारत में उन्होंने 90 के दशक में महिला कुश्ती की नींव रखी और भारत में अनेक महिलाओं को कुश्ती के लिए तैयार किया। उनके सपनों को साकार करने के उद्देश्य से अखाड़े में महिला व छोटे बच्चों के कुश्ती प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”

पद्मश्री चंदगी राम की पुण्य तिथि पर 29 जून को सुबह 10 बजे हवन के पश्चात आधुनिक चंदगी राम कुश्ती हाल का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर खेल जगत की अनेक विख्यात हस्तियां विशिष्ठ अतिथि, चंदगी राम के शिष्य, कुश्ती कोच व खिलाड़ी उपस्थित रहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493