सना, 18 जून (आईएएनएस)। यमन के उत्तरी प्रांत सादा के एक मशहूर बाजार में सऊदी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा किए गए हवाई हमले में 25 नागरिकों की मौत हो गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, समाचार एजेंसी सबा की एक रपट में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि शनिवार शाम यह हवाई हमला हुआ और सादा के शदा जिले में स्थित मशहूर अल-मशनक बाजार को निशाना बनाया गया।
अधिकारी ने बताया कि हमले के शिकार ग्राहक और दुकानदार थे। बड़ी संख्या में लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
सादा शिया हौती का प्रमुख गढ़ है। हौती का नेता अब्दुलमलिक अल-हौती यहीं का रहने वाला है।
मार्च 2015 में युद्ध शुरू होने के बाद से यमनी नागरिकों पर हुए हवाई हमलों में यह नवीनतम हमला है।
स्थानीय निवासियों और चिकित्सकों के अनुसार, सऊदी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना द्वारा 10 दिनों पहले किए गए हवाई हमले में एक परिवार के चार सदस्य मारे गए थे।
मार्च 2015 से गठबंधन हौती विद्रोहियों से लड़ रहा है, जिन्होंने सना सहित उत्तरी यमन के अधिकांश भागों पर कब्जा कर रखा है।
संयुक्त राष्ट्र की मानवीय एजेंसियों के मुताबिक, युद्ध में अब तक 10,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें से आधा लोग नागरिक थे। इसके अलावा 20 लाख लोग पलायन पर मजबूर हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath