भारत के प्रति आकर्षित हैं आस्ट्रेलियाई फिल्म निर्देशक कुर्जेल

नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के फिल्म निर्देशक जस्टिन कुर्जेल 2008 में मुंबई पर हुए हमले पर आधारित फिल्म को निर्देशित करने वाले थे। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से फिल्म नहीं बन पाई। उनका कहना है कि वह भारतीय संस्कृति से प्रभावित हैं और भारत में काम करने का मौका मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

कुर्जेल ने आस्ट्रेलिया से फोन पर आईएएनएस को बताया, “मैं अभी तक भारत कभी नहीं आया हूं। मैं अपने परिवार के साथ आना चाहता हूं। मैं ‘द सीज’ नाम की फिल्म से जुड़ा था, जो मुंबई के होटल में हुए आतंकवादी हमले पर आधारित थी। मुझे शूटिंग के लिए मुंबई आना था और यह मौका पाकर मैं बेहद उत्साहित व खुश था, लेकिन दुर्भाग्यवश फिल्म निर्माण की बात आगे नहीं बढ़ी। मैं उम्मीद करता हूं कि एक दिन मुझे भारत में कुछ फिल्माने का मौका मिलेगा।”

यह पूछे जाने पर कि क्या उनके द्वारा भारत में शूटिंग करने की संभावना है, तो उन्होंने कहा, “मैं इस देश और उसकी संस्कृति के प्रति आकर्षित हूं। मैं भारत में शूटिंग करने का मौका मिलना पसंद करूंगा।”

कुर्जेल ‘स्नोटाउन’ (2011) जैसी फिल्मों का निर्देशन करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विलियम शेकस्पीयर के नाटक ‘मैकबेथ’ को भी रुपहले पर्दे पर बखूबी पेश किया।

निर्देशक भारतीय पृष्ठभूमि पर फिल्म बनाना चाहते हैं, लेकिन वह बॉलीवुड की फिल्म निर्माण की शैली से वाकिफ नहीं हैं।

कुर्जेल के अनुसार, “दुर्भाग्य से मैं बॉलावुड फिल्म निर्माण की शैली से अंजान हूं। मैं इस बारे में बहुत कुछ जानना चाहूंगा..मैं हमेशा से इस उद्योग का प्रशंसक रहा हूं। यह अद्भुत बात है कि लोग भारत में फिल्में देखना कितना पसंद करते हैं, मैं इस फिल्म उद्योग का बहुत सम्मान करता हूं, जो दुनिया के बड़े उद्योगों में से एक है। यह अद्भुत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493