सियोल, 19 जून (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया छोड़कर एक और व्यक्ति दक्षिण कोरिया पहुंचा है। सेना ने कहा कि एक सप्ताह से भी कम समय में इस तरह का यह दूसरा मामला है।
समाचार एजेंसी योनहप के अनुसार, दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि एक उत्तर कोरियाई शख्स सीमा पार कर दक्षिण कोरिया में घुस आया। देश छोड़ने वाला शख्स रविवार को सियोल में हान नदी में मिला। दक्षिण कोरियाई प्रशासन भागने के पीछे उसकी मंशा जानने के लिए उससे पूछताछ कर रहा है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, एक सप्ताह से भी कम समय में उत्तर कोरिया से भागकर दक्षिण कोरिया पहुंचने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले मंगलवार को एक उत्तर कोरियाई सैनिक उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच के विभाजन क्षेत्र ‘डिमिलिटराइज्ड जोन’ के रास्ते दक्षिण कोरिया चला गया था। सितंबर 2016 के बाद से यह ऐसा पहला मामला था।
दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के अनुसार, पिछले साल के अंत तक दक्षिण कोरिया में उत्तर कोरियाई शरणार्थियों की संख्या 30,000 तक पहुंच गई थी।
देश छोड़ने वाले अधिकांश लोग उत्तर कोरिया की चीन के साथ सटी उत्तरी सीमा के रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2005 से 2009 के बीच देश छोड़ने वालों की संख्या में वृद्धि हुई थी, लेकिन उत्तर कोरिया द्वारा सीमा पर सख्ती और फरार होते हुए पकड़े जाने पर सख्त सजा के चलते 2011-2015 के बीच इन मामलों में गिरावट आ गई।
dharmpath.com dharmpath