जाधव को ज्यादा जिम्मेदारी देने के पक्ष में द्रविड़

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली हार के बाद पूर्व बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने कहा कि भारतीय टीम को आगामी विंडीज दौरे के लिए अपनी अंतिम एकादश में प्रयोग करने चाहिए।

भारत का विंडीज दौरा शुक्रवार से शुरू हो रहा है।

भारत की अंडर-19 और इंडिया-ए टीम के कोच राहुल ने युवा बल्लेबाज केदार जाधव को अगले दौरे पर ज्यादा जिम्मेदारी देने की बात कही है। इस दौर पर टीम में शामिल किए गए चाइनमैन कुलदीप यादव को मौका देने की द्रविड़ ने वकालत की है।

क्रिकइंफो ने द्रविड़ के हवाले से लिखा है, “अगर केदार टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहते हैं तो उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। वह नंबर-6 पर अपने आप को छुपा रहे हैं। उन्हें चौथे नंबर की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए और देखना चाहिए की वह क्या कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो अच्छी बात नहीं तो फिर किसी और स्थान पर खेलना चाहिए। जब आपके पास हार्दिक पांड्या जैसा खिलाड़ी है जिसे भारत को बचाने की जरूरत है, ऐसे में केदार जाधव का नीचे बल्लेबाजी करना अच्छा नहीं है।”

द्रविड़ ने कहा, “पांड्या अपनी गेंदबाजी भी कर रहे हैं। उन्हें कुछ मैचों में चार या पांच नंबर पर बल्लेबाजी की जरूरत है ताकि वह अपने आप को बेहतर कर सकें और ऐसे हरफनमौला खिलाड़ी बन सकें जो भारत के लिए उपयोगी हो।”

चयनकर्ताओं ने विंडीज दौरे के लिए अपनी मुख्य टीम भेजने को ही प्राथमिकता दी है। विंडीज दौर पर पांच एकदिवसीय और एक टी-20 मैच खेला जाएगा। द्रविड़ चाहते हैं कि इस दौरे पर टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ियों को मौका दे।

इस टीम में दो युवा खिलाड़ी, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और चाइनमैन कुलदीप यादव को चुना गया है।

द्रविड़ ने कहा है, “उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर अपनी फुल स्ट्रैंथ टीम भेजने का फैसला किया है। मैं उम्मीद करता हूं कि वह इस दौर पर अंतिम एकादश में प्रयोग करेंगे और खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देंगे।”

द्रविड़ ने कहा है कि महेंद्र सिंह धौनी और युवराज सिंह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाना चाहिए जिससे टीम की बैंच स्ट्रैंथ को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा, “हमने सब चीजें अजमा के देख लीं, लेकिन मेरा मानना है कि युवी और धौनी फिट हैं और अच्छा खेल रहे हैं और यह वो खिलाड़ी हैं जो हमें आगे ले जाएंगे इसके बारे में किसी को शिकायत नहीं है।”

उन्होंने कहा, “यह कुलदीप के लिए अच्छा समय है। उन्हें ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने की जरूरत है। उनके पास काबिलियत है और साथ ही उनकी गेंदबाजी में मिस्ट्री है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493