मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। ‘गेस्ट इन लंदन’ में अनुभवी अभिनेता और भाजपा सांसद परेश रावल के साथ काम कर चुके अभिनेता कार्तिक आर्यन ने कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं और जरूरत पड़ने पर उनसे मदद लेते हैं।
कार्तिक ने कहा, “परेश सर फिल्मोद्योग में एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे मेरी घनिष्ठता है। वह मनोरंजन-जगत के कुछ ही ऐसे लोगों में से हैं, जो सह-कलाकारों को सही मायने में सलाह देते हैं और उनकी मदद करते हैं। शूटिंग के दौरान हमारी अच्छी दोस्ती हो गई।”
उन्होंने कहा, “‘गेस्ट इन लंदन’ में उनके साथ काम करते हुए मैंने बहुत कुछ सीखा। फिल्म की शूटिंग होने के बाद अब यह रिलीज के लिए तैयार है। मैं अब भी उनके संपर्क में हूं और कोई भी संदेह होता है तो उनसे पूछता हूं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।”
अश्विनी धीर द्वारा निर्देशित ‘गेस्ट इन लंदन’ सात जुलाई को रिलीज होगी। इसमें तन्वी आजमी और कृति खरबंदा जैसे सितारे भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
dharmpath.com dharmpath