कोलकाता, 21 जून (आईएएनएस)। वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप में प्रवेश करने वाली 16 वर्षीया भारतीय निशानेबाज मेहुली घोष से उनके कोच और ओलम्पियन जॉयदीप करमारकर को काफी उम्मीद हैं।
जॉयदीप को आशा है कि मेहुली इस टूर्नामेंट में शीर्ष आठ में स्थान हासिल करेंगी।
अपनी शूटिंग अकादमी चलाने वाले जॉयदीप ने जर्मनी में होने वाली वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप की पूर्व संध्या पर आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, “मुझे आशा है कि वह अंत में शीर्ष आठ खिलाड़ियों में अपनी जगह बना पाएंगी।”
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 22 जून से हो रही है और यह 29 जून को समाप्त होगा। इसमें मेहुली महिला वर्ग में 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगी।
पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के बैद्यबाटी की रहने वाली मेहुली ने हाल ही में चेक गणराज्य के प्लेजेन में हुए ‘मीटिंग ऑफ द शूटिंग होप्स’ के 27वें संस्करण में हिस्सा लिया था।
2012 में लंदन में हुए ओलम्पिक में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में चौथा स्थान प्राप्त करने वाले जॉयदीप ने कहा, “मेहुली उस समय पहली बार विमान में चढ़ीं थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, मैंने उनसे यही कहा था कि यह प्रदर्शन बहुत खराब था। इस प्रकार मैं उन्हें और अच्छा करने के लिए तैयार करता हूं, ताकि और अधिक पाने की उनकी चाह कभी खत्म न हो।”
जॉयदीप ने कहा कि मेहुली इस टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और अगर वह अपनी फॉर्म को बनाए रखती हैं, तो निश्चित रूप से वह शीर्ष आठ खिलाड़ियों में स्थान हासिल कर सकती हैं।
dharmpath.com dharmpath