पाकिस्तान में भी मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। तीसरा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पाकिस्तान में बुधवार को हल्के स्तर पर मनाया गया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि इससे बड़ा आयोजन रमजान के बाद होगा।

योग पाकिस्तान के संस्थापक योग गुरु शमशाद हैदर ने फोन पर आईएएनएस से कहा, “रमजान और ईद की तैयारी के कारण, हम इस वर्ष इसे एक बड़े स्तर पर आयोजित नहीं कर सके।” शमशाद देशभर में 50 से ज्यादा योग क्लब चलाते हैं।

इस्लामाबाद से 48 वर्षीय हैदर ने कहा, “आज (बुधवार को) हमारे सभी योग क्लबों में नियमित सत्र चले, लेकिन ईद के बाद हम इस वर्ष इसे एक बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।”

पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग ने भी राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को एक योग शिविर का आयोजन किया जिसमें भारतीय उच्चायुक्त गौतम बम्बावले और अन्य राजनयिकों ने हिस्सा लिया।

पाकिस्तान सरकार द्वारा योग दिवस को नहीं मनाने संबंधी सवाल पूछने पर हैदर ने कहा, “हमारे क्लब में सभी धर्मो के लोग आते हैं। सरकार ने हमें कभी योग करने से नहीं रोका। उसने हमें यहां योग शिविरों को स्थापित करने की अनुमति दी है और योग के प्रचार के लिए भी हमें अनुमति दी है।”

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में जन्मे हैदर का मनाना है कि योग का हिंदू धर्म से कुछ लेना देना नहीं है और इसे सभी धर्मो के लोगों द्वारा स्वीकार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “योग मानसिक स्थिरता, शांति और जीवन में संतुलन स्थापित करने में मदद करता है। इसके अलावा यह हमें अनुशासन सीखाता है, जोकि इस्लाम और अन्य धर्मो में अनिवार्य है।”

भारत समर्थित इस पहल को 170 से ज्यादा देशों के समर्थन के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ ने 2015 में हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मान्यता दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493