एनएसडीसी और श्नाइडर ने कौशल भारत मिशन के तहत की साझेदारी

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपने आप को मजबूती से स्थापित कर रहा है और इसके लिए आवश्यक कुशल संसाधनों की जरूरत को देखते हुए राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया ने पॉवर, सोलर और ऑटोमेशन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए बेंगलुरु में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स की स्थापना की है।

इन्होंने लखनऊ, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, दिल्ली, कटक, विशाखापटनम और जयपुर शहरों में सात अत्याधुनिक नवीकरणीय ऊर्जा प्रशिक्षण केन्द्र भी स्थापित किए हैं। अगले साल एनसीआर क्षेत्र में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स और देश भर में 100 लैब (प्रधानमंत्री कौशल केन्द्रों में) स्थापित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार ने कहा, “कौशल भारत नव्यकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में प्रशिक्षण के महत्व को समझता है, यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें अपार सम्भावनाएं हैं। हमें खुशी है कि इस साझेदारी के माध्यम से हम श्नाइडर जैसी विश्वस्तरीय कम्पनी के साथ मिलकर देश में नव्यकरणीय उर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देंगे और कार्बन फुटप्रिन्ट कम करने में योगदान दे सकेंगे।”

श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया के प्रबंध निदेशक और कन्ट्री प्रेजीडेन्ट अनिल चौधरी ने कहा, “हमें गर्व है कि हमें देश के कौशल विकास में योगदान देने के लिए भारत सरकार के साथ साझेदारी का मौका मिला है। हम पहले से देश भर में मौजूद अपने 260 प्रशिक्षण केन्द्रों के माध्यम से 72,000 युवाओं को इलेक्ट्रिशियन के रूप में प्रशिक्षित कर चुके हैं और इस एसोसिएशन के द्वारा हम देश भर में 100 केन्द्रों में प्रशिक्षण सुविधाओं को बेहतर बनाकर इस दिशा में काम करने के लिए प्रयासरत हैं। हमें खुशी है कि हम भारत सरकार के कौशल भारत मिशन को समर्थन दे रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493