मिस्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

काहिरा, 22 जून (आईएएनएस)। तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को मिस्र की राजधानी में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने योग किया।

एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। इस समारोह का आयोजन बैरन पालिस हिंदोऊ के लॉन में किया गया। यह भवन कंबोडिया के अंकोरवाट के हिंदू मंदिर से प्रेरित है।

मिस्र में भारत के राजदूत संजय भट्टाचार्य ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और उन्होंने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के नई दिल्ली व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ में योग दिवस समारोह में भाग लेने की बात बताई।

भट्टाचार्य ने कहा, “योग हममें, हमारे संबंधों, परिवार व दोस्तों में सौहार्द और संतुलन लाता है। यह समाज में शांति व सद्भावना लाता है। योग को भारत का मानवता के लिए उपहार माना जाता है, यह मिस्र में लोकप्रिय है और यहां पर लोग व्यापक रूप से इसका अभ्यास कर रहे हैं।”

भारतीय दूतावास ने मिस्र की अभिनेत्री व गायिका सावर अल नागर को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया था। इसके लिए अभिनेत्री ने दूतावास को धन्यवाद दिया।

अभिनेत्री ने कहा, “यह पहली बार है कि मैं योग अभ्यास कर रही हूं, मैंने इसे नियमित तौर पर करने का फैसला किया है।”

भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के छात्रों व स्कूली बच्चों ने विशेष योग का प्रदर्शन किया।

भारतीय दूतावास ने एक ऑनलाइन फोटोग्राफी स्पर्धा ‘मिस्र में योग’ का आयोजन किया था। मौलाना आजाद सेंटर फॉर इंडियन कल्चर ने 5 मई को योग स्पर्धा का आयोजन किया था। इसमें चार श्रेणी के योग अभ्यास करने वालों ने भाग लिया। इसमें 5 साल से 70 साल के लोगों ने भाग लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493