मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘परमवतार श्री कृष्ण’ में कंस की भूमिका निभा रहे टेलीविजन अभिनेता मनीष वाधवा का कहना है कि उन्हें एक ही शैली में बंधने का कोई डर नहीं है।
मनीष कई टेलीविजन धारावाहिकों में नकारात्मक भूमिकाएं निभा चुके हैं।
नकारात्मक भूमिकाएं निभाने के बारे में पूछे जाने पर मनीष ने आईएएनएस से कहा, “मुझे किरदार आकर्षित करता है। किरदार चाहे नकारात्मक हो या सकारात्मक, किरदार ही होता है। पेशवा, चाणक्य या अन्य, सभी शानदार भूमिकाएं थीं। अब मैं कंस की भूमिका में हूं। मैं रावण की भूमिका भी निभा चुका हूं। फिलहाल मैं पूरी तरह नकारात्मक भूमिकाएं निभा रहा हूं। इसमें मजा आएगा।”
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें किसी विशेष शैली में बंधने का डर नहीं है? इस पर उन्होंने कहा, “नहीं। मैं कई तरह की भूमिकाएं निभा चुका हूं। मैंने चाणक्य और पेशवा की भूमिकाएं निभाई, जो सकारात्मक थीं। रावण का किरदार नकारात्मक और सकारात्मक दोनो था। अब मैं कंस की भूमिका निभा रहा हूं।”
‘परमवतार श्री कृष्ण’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल एंडटीवी पर होता है।
dharmpath.com dharmpath