मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। फिल्म ‘मसान’ के अभिनेता विक्की कौशल का कहना है कि आगामी फिल्म ‘राजी’ में बहुमुखी कलाकार आलिया भट्ट के साथ काम करने का मौका मिलना उनके लिए बड़ी बात है।
मेघना गुलजार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के लिए दोनों कलाकारों को अनुबंधित किया गया है। जंगली पिक्च र्स और धर्मा प्रोडक्शंस इस फिल्म में सहयोग कर रहे हैं।
विक्की ने आईएएनएस से कहा, “इस समय की बेहतरीन अभिनेत्री आलिया भट्ट के साथ काम करने का मौका मिलना मेरे लिए बड़ी बात है। मैं फिल्म का हिस्सा बनने को उत्सुक हूं।”
उन्होंने कहा, “जिस तरह का काम उन्होंने किया है, वह अद्भुत है और वह अपनी प्रत्येक फिल्म के साथ कुछ नया लाती हैं। वह अपनी रिलीज के साथ नया मानक स्थापित करती हैं। मुझे यकीन है कि मैं उनसे बहुत कुछ सीखूंगा और उनके साथ काम करना मजेदार होगा।”
फिल्म निर्माता करण जौहर, निर्देशक मेघना गुलजार और अभिनेत्री आलिया भट्ट, तीनों अलग-अलग सोच के लोग हैं। ऐसे में इन तीनों के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहेगा? उन्होंने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे ऐसे प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करने का मौका मिला है। अपने पेशे में सभी मास्टर हैं। मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।”
उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं और मेरे लिए यह बड़ी बात है।”
‘राजी’ हरिंदर सिक्का के उपन्यास ‘कॉलिंग सहमत’ पर आधारित है।
dharmpath.com dharmpath