बैडमिंटन : श्रीकांत आस्ट्रेलिया ओपन फाइनल में, चीन की दीवार लांघने की चुनौती (राउंडअप)

सिडनी, 24 जून (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने एक बार फिर बड़ा उलटफेर करते हुए शनिवार को आस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

भारत के 24 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक संदेश के जरिए जीत की खुशी को साझा किया। उन्होंने लिखा, “लगातार तीसरे सुपरसीरीज टूर्नामेंट के फाइनल में। आज (शनिवार) सेमीफाइनल मैच में दिए अपने प्रदर्शन से खुश हूं।”

आस्ट्रेलिया ओपन में एकमात्र भारतीय चुनौती पेश करने वाले श्रीकांत ने शनिवार को पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में विश्व के चौथे वरीयता प्राप्त चीन के शी युकी को मात दी।

विश्व के 11वीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने चीन के युकी को सीधे गेमों में 37 मिनट के भीतर 21-10, 21-14 से मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

आस्ट्रेलिया ओपन के फाइनल में श्रीकांत का सामना अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी चीन के चेन लोंग से होगा।

श्रीकांत और इस दिग्गज चीनी खिलाड़ी के बीच अब तक पांच मैच खेले जा चुके हैं और इनमें लोंग का पलड़ा ही भारी रहा है। श्रीकांत एक बार फिर लोंग के खिलाफ जीत नहीं हासिल कर सके हैं।

दोनों के बीच पहली भिड़ंत 28 अगस्त, 2014 में विश्व चैम्पियनशिप में हुई थी। इसमें लोंग ने श्रीकांत को 21-12, 21-10 से मात दी थी।

इसके बाद, 2014 में ही दोनों हांगकांग ओपन और दुबई वर्ल्ड सुपर सीरीज में एक दूसरे के आमने-सामने आए थे। इन दोनों टूर्नामेंटों में भी भारतीय खिलाड़ी को निराशा हाथ लगी थी।

इसके बाद तीन साल तक दोनों एक दूसरे के सामने नहीं हुए लेकिन इस साल जर्मन ओपन और सुदिरमन कप में श्रीकांत का सामना एक बार फिर चीनी खिलाड़ी से हुआ और उन्हें एक बार फिर खाली हाथ लौटना पड़ा।

सिंगापुर ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले और इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीतने वाले श्रीकांत अब सिडनी में खिताबी जीत से एक कदम दूर हैं लेकिन लोंग के रूप में उनके सामने चीन की दीवार है।

श्रीकांत अगर इस बाधा को पार कर लेते हैं, तो वह न केवल लोंग के खिलाफ अपना खाता खोलेंगे बल्कि लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे।

श्रीकांत वर्तमान में अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने शीर्ष विश्व वरीयता प्राप्त सोन वान हो और चौथी विश्व वरीयता प्राप्त शी युकी को मात देते हुए आस्ट्रेलिया ओपन टूर्नामेंट के खिताबी मैच तक का रास्ता तय किया है। ऐसे में वह इस खिताब के प्रबल दावेदार हैं।

लोंग और श्रीकांत के बीच आस्ट्रेलिया ओपन का फाइनल मैच रविवार को खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493