चेन्नई, 28 जून (आईएएनएस)। दक्षिण फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत की आगामी तमिल गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘काला’ की मुंबई में एक महीने से चल रही शूटिंग गुरुवार को खत्म हो जाएगी।
फिल्म यूनिट से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा, “फिल्म की मुंबई में होने वाली शूटिंग गुरुवार को खत्म हो जाएगी। इसके बाद फिल्म की टीम चेन्नई पहुंचेगी, जहां धारावी की झुग्गियों की तरह बनाए गए सेट पर अगले हिस्से की शूटिंग होगी। इस सेट को एक भारी भरकम बजट में बनाया गया है।”
मुंबई में हो रही शूटिंग पर बात करते हुए सूत्र ने कहा, “मुंबई में फिल्म की शूटिंग का ज्यादातर हिस्सा बाहर हुआ है, इसलिए टीम को दर्शकों की भीड़ के प्रबंधन में भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान भीड़ द्वारा फिल्म संबंधी शूटिंग या उससे संबंधित तस्वीरों को लीक होने का हमेशा खतरा था।”
यह दूसरी फिल्म है, जिसमें निर्देशक रंजीत और रजनीकांत एक साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने पिछले साल आई ‘कबाली’ फिल्म में साथ काम किया था।
अनुभवी कलाकार नाना पाटेकर इस फिल्म में एक क्रूर, षड्यंत्रकारी राजनेता के रूप में खलनायक का किरदार निभा रहे हैं।
रजनीकांत के दामाद और अभिनेता धनुष द्वारा निर्मित इस फिल्म में संतोष नारायणन ने संगीत दिया है।
dharmpath.com dharmpath