मेरी जीत से जम्मू एवं कश्मीर सही कारण से सुर्खियों में आया : मिस इंडिया रनर-अप

मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। फेमिना मिस इंडिया में दूसरे स्थान पर रहने वाली जम्मू एवं कश्मीर की सना दुआ का कहना है कि वह अपनी जीत से बहुत खुशी और गर्व महसूस कर रही हैं, क्योंकि उनके राज्य का जिक्र सही कारण से खबरों में आया।

कश्मीर घाटी में राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर इस राज्य से ताल्लुक रखने के कारण अपनी भावनाओं के बारे में पूछे जाने पर सना ने आईएएनएस को बताया, “आप सही हैं..हमारा जम्मू एवं कश्मीर राज्य ज्यादातर गलत कारणों से सुर्खियों में रहता है, लेकिन शुक्र है कि इस बार वह सही कारण से सुर्खियों में है.. एक अच्छे कारण के लिए।”

उन्होंने कहा, “और मैं उन्हें गौरवान्वित करने की उम्मीद करती हूं..मुझे लगता है कि सिर्फ कुछ हिस्सों में अशांति है, बाकी जगह सब ठीक है।”

यह पूछे जाने पर कि वह इस खिताब का निकट भविष्य में कैसे उपयोग करेंगी तो उन्होंने कहा, “मैं लड़कियों की शिक्षा के लिए काम करना चाहती हूं क्योंकि हम सभी जानते हैं कि अगर घर में एक लड़की शिक्षित है तो पूरा परिवार शिक्षित है। मुझे इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले से ही इस दिशा में काम कर रहे हैं। मैं भी इस संबंध में व्यक्तिगत स्तर पर काम करूंगी।”

सैन्य पृष्ठ भूमि से ताल्लुक रखने वाली सना अपने माता-पिता के साथ देश के कई शहरों में रही हैं और ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने पंजाब विश्व विद्यालय से विधि (कानून) में स्नातक किया।

यह पूछे जाने पर कि मॉडलिंग में उनका कैसे आना हुआ तो उन्होंने बताया, “मैं हमेशा अपनी योजना को तैयार रखना पसंद करती हूं, क्योंकि कब क्या हो जाए इसे कौन जा सकता है..मेरे माता-पिता शुरू से ही मेरा साथ देते रहे हैं।”

सना अवसर मिलने पर बॉलीवुड का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के साथ पर्दा साझा करना पसंद करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493