बेंगलुरू, 1 जुलाई (आईएएनएस)। देश की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी इनफोसिस ने टीवीएस कैपिटल फंड्स लिमिटेड के उपाध्यक्ष डी. सुंदरम को कंपनी बोर्ड का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया। इनफोसिस ने शनिवार को इसकी घोषणा की।
सूचना एवं प्रौद्योगिकी कंपनी ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को संबंधित सूचना देने के बाद एक बयान जारी कर कहा, “बोर्ड की नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति की सिफारिश पर सुंदरम को कंपनी का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है और उनका कार्यकाल 14 जुलाई से शुरू होगा।”
इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंट्स से शिक्षा प्राप्त सुंदरम नीदरलैंड्स-ब्रिटेन की अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता वस्तु निर्माता यूनीलीवर ग्रुप की भारतीय इकाई हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
इनफोसिस के चेयरमैन आर. शेषासयी ने कहा, “सुंदरम हमारी कंपनी को वित्त एवं रणनीतिक क्रियान्वयन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्रदान करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि बोर्ड को उनकी विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा।”
dharmpath.com dharmpath