लॉस एंजेलिस, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मार्वल कॉमिक्स के पूर्व कार्यकारी उपाध्यक्ष व प्रकाशक स्टेन ली की पत्नी जोन ली का 93 साल की उम्र में निधन हो गया।
वेबसाइट ‘वैराइटी डॉट कॉम’ के मुताबिक, जोन का यहां गुरुवार को निधन हो गया। इस सप्ताह की शुरुआत में स्ट्रोक के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार के प्रवक्ता के बयान के मुताबिक, “मैं इस दुखद खबर की पुष्टि करता हूं कि जोन ली परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में इस सुबह शांति से गुजर गई। परिवार ने इस मुश्किल समय के दौरान उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।”
पूर्व ब्रिटिश मॉडल जोन ने दिसंबर 1947 में स्टेन से शादी रचाई थी।
स्टेन से मिलने से पहले जोन ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान एक अमेरिकी सैनिक से शादी की थी, लेकिन बाद में उन्होंने तलाक ले लिया।
जोन ने फिल्म ‘फैंटास्टिक फोर’ में मिस फोर्ब्स और ‘स्पाइडर-मैन’ में मैडम वेब के रूप में वॉइस ओवर किया था।
dharmpath.com dharmpath