नॉर्वे ने म्यांमार को बुद्ध की प्रतिमा लौटाई

ने पेई तॉ, 7 जुलाई (आईएएनएस)। नॉर्वे ने महात्मा बुद्ध की एक प्रतिमा म्यांमार को लौटा दी है। वर्ष 2011 में गैरकानूनी तरीके से आयात होकर आई इस प्रतिमा की नॉर्वे के सीमाशुल्क विभाग ने पहचान की थी। मीडिया को यह जानकारी शुक्रवार को दी गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, म्यांमार की यात्रा पर आए नॉर्वे के विदेश मंत्री बोर्ग ब्रेंडे ने गुरुवार को यहां दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग के महत्व को ध्यान में रखते हुए म्यांमार के धार्मिक एवं संस्कृति मामलों के मंत्री थुरा यू आंग को यह प्रतिमा सौंपी।

नॉर्वे के सीमा शुल्क विभाग द्वारा बरामद की गई बुद्ध की प्रतिमा की पहचान म्यांमार के मांडले क्षेत्र से आयातित कीमती वस्तु के रूप में की गई थी और इसके 150 से 200 वर्ष पुरानी होने का अनुमान लगाया गया था।

दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों को देखते हुए नॉर्वे और म्यांमार के प्रतिनिधि इस वर्ष जनवरी में संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के मुख्यालय पेरिस में इस प्रतिमा को वापस म्यांमार को देने के मद्देनजर मिले थे।

नॉर्वे और म्यांमार दोनों ही यूनेस्को के 1970 में हुए सांस्कृतिक संपदा के स्वामित्व के स्थानांतरण एवं अवैध वस्तुओं के आयात-निर्यात को रोकना और निषेध पर हुए अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का हिस्सा हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493