इस्लामाबाद, 11 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पिछले महीने पेट्रोल टैंकर में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 219 हो गई है।
द न्यूज इंटरनेशनल ने मंगलवार को बताया कि 25 जून को टैंकर में हुए विस्फोट के एक और घायल ने मुल्तान शहर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया जिससे मरने वालों की संख्या 219 पर पहुंच गई।
विभिन्न अस्पतालों में कम से कम 34 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है।
इस बीच इस हादसे के शिकार कई पीड़ितों के रिश्तेदारों ने दावा किया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जारी चेक बाउंस हो गए हैं।
लेकिन, प्रशासन ने रिश्तेदारों के इस दावे को नकार दिया है।
दुर्घटना उस समय हुई थी जब पंजाब के बहावलपुर शहर में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल टैंकर पलट गया और उससे पेट्रोल रिसने लगा।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, महिलाओं और बच्चों सहित नजदीकी इलाके के दर्जनों निवासी उस जगह पर पहुंचकर पेट्रोल इकट्ठा करने लगे, तभी टैंकर में विस्फोट हो गया और लोग इसकी चपेट में आ गए।
dharmpath.com dharmpath