सियोल, 18 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव कम करने के लिए सैन्य मामलों पर बातचीत करने के उसके प्रस्ताव पर अभी तक उत्तर कोरिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मंत्रालय के प्रवक्ता मून सांग-क्यून ने कहा कि दक्षिण कोरिया के वार्ता प्रस्ताव पर उत्तर कोरिया की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की प्रतिक्रिया के अनुसार मंत्रालय कार्रवाई करेगा।
मंत्रालय ने सैन्य अधिकारियों की बातचीत के लिए मिलिट्री डिमार्केशन लाइन (एमडीएल) के पास किसी भी तरह के शत्रुतापूर्ण कृत्य को रोकने के लिए उत्तर कोरिया को एक आधिकारिक प्रस्ताव दिया था।
दक्षिण कोरिया ने वार्ता का आयोजन शुक्रवार को तोंगलिगाक में करने का आग्रह किया था। यह उत्तर कोरिया में स्थित संघर्षविराम के दायरे में आने वाले गांव पनमुनजोम की एक इमारत है।
dharmpath.com dharmpath