कुआलालंपुर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मलेशिया की एक अदालत ने शुक्रवार को कहा कि किम जोंग-नाम की हत्या का मुकदमा दो अक्टूबर से शुरू होगा। किम जोंग-नाम उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के सौतेले भाई थे, जिनकी हत्या कर दी गई थी।
मलेशियाई स्टार डेली की रपट के अनुसार, शाह आलम उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति आजमी आरिफिन ने मुकदमे के लिए तारीख तय कर दी।
उन्होंने कहा कि दोनों अभियुक्तों -इंडोनेशियाई सिति असियाह और वियतनामी डोन थी हुओंग- की दलील मुकदमे के पहले दिन दर्ज की जाएगी।
अभियोजक मोहम्मद इस्कंदर अहमद ने कहा कि अभियोजन पक्ष 30-40 गवाहों सहित 10 विशेषज्ञों को साक्ष्य के लिए बुला रहा है।
जोंग-नाम की कुआलालंपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 13 फरवरी को हुई हत्या के लिए दोनों महिलाएं यदि दोषी पाई जाती हैं तो उन्हें मृत्युदंड दिया जाएगा।
दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर अपने चेहरे पर जहरीला वीएक्स नर्व एजेंट लगाया था। इस रसायन को संयुक्त राष्ट्र ने सामूहिक विनाश का हथियार माना है।
किम जोंग-नाम उत्तर कोरिया के दिवंगत नेता किम जोंग-इल के बड़े बेटे थे। किम जोंग-नाम ने अलग-थलग पड़े, परमाणु हथियार संपन्न देश पर अपने परिवार के वंशानुगत नियंत्रण के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आवाज बुलंद की थी।
dharmpath.com dharmpath