जहां खुशी मिले, वहीं जाएं नेमार : रोनाल्डिन्हो

रियो डी जनेरियो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप खिताब जीतने वाली ब्राजील टीम का हिस्सा रहे रोनाल्डिन्हो ने अपने हमवतन नेमार को सलाह देते हुए कहा कि वह जहां खुश रहें, उन्हें वहीं जाना चाहिए।

अटकलें लगाई जा रही हैं कि बार्सिलोना के फारवर्ड नेमार पेरिस सेंट जर्मेन क्लब में शामिल हो सकते हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कहा जा रहा है कि फ्रांसीसी क्लब जर्मेन ने 25 वर्षीय खिलाड़ी के लिए 22.2 करोड़ यूरो (26.89 करोड़ डॉलर) का प्रस्ताव रखा है।

एक खिलाड़ी के तौर पर अपने अब तक के करियर में जर्मेन और बार्सिलोना दोनों क्लबों का प्रतिनिधित्व कर चुके रोनाल्डिन्हो ने कहा कि केवल नेमार जानते हैं कि उनके करियर के लिए क्या सबसे अच्छा है।

एक संवाददाता सम्मेलन में रोनाल्डिन्हो ने कहा, “मैं उनसे केवल यह कहूंगा कि वह अपने दिल की सुनें और खुश रहें।”

ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के कोच तिते ने विश्वास जताते हुए कहा है कि टीम की 10 नम्बर जर्सी पहनने वाला (नेमार) सही चुनाव करेगा।

‘रेडियो-370’ को दिए बयान में तिते ने कहा, “मुझे इस बात को लेकर कोई चिंता नहीं है। दोनों क्लब उच्च स्तर पर हैं। मैं आश्वस्त हूं कि जो भी होगा, उनके लिए सर्वश्रेष्ठ होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493