नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। गायिका आकृति कक्कड़ अगले महीने इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) में अपनी जुड़वा बहनों सुकृति और प्रकृति कक्कड़ के साथ प्रस्तुति देंगी। आकृति ने कहा कि वह अपनी बहनों के लिए मां से बढ़कर हैं।
आकृति ने आईएएनएस से कहा, “मैं अपनी बहनों के प्रति बहुत सुरक्षात्मक हूं। वे मुझसे नौ साल छोटी हैं और मैं उनके लिए एक मां की तरह हूं।”
‘सैटर्डे सैटर्डे’, ‘इस्की उस्की’ और ‘वादा करो’ जैसे गीतों को अपनी आवाज दे चुकीं आकृति ने कहा कि बहनों के साथ उनका संबंध बहुत अच्छा है और उनके बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।
उन्होंने कहा, “हम जब भी किसी नए गाने पर काम करते हैं, हमारे बीच अच्छा संवाद होता है। हमारे पास एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखने के लिए होता है। हम अलग-अलग जिंदगी जीते हैं लेकिन बहनों की तरह जब भी हम एक साथ प्रस्तुति या कुछ और करते हैं तब हमारे बीच प्रतिस्पर्धा या प्रतियोगिता की भावना नहीं आती है।”
आईएफएफएम में अपनी प्रस्तुति को यादगार बनाने पर आकृति ने कहा, “चूंकि यह मंच काफी प्रतिष्ठित है, इसलिए हमने भारतीय संगीत के बारे में युवाओं के नजरिए को प्रस्तुत करने के बारे में सोचा है।”
dharmpath.com dharmpath