वॉशिंगटन, 2 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रिया के टेनिस खिलाड़ी डोमिनिक थीम और जापान के केई निशिकोरी ने बुधवार को वॉशिंगटन ओपन टेनिस चैम्पियनशिप के पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में जगह बना ली है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, थीम अपना पहला एटीपी वर्ल्ड टूर-500 टूर्नामेंट खेल रहे हैं। उन्हें इस चैम्पियनशिप में शीर्ष वरीयता प्राप्त है। थीम ने 63 मिनट तक चले मुकाबले में स्विट्जरलैंड के हेनरी लाक्सोनेन को 6-3, 6-3 से मात दी।
यह मैच बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ। थीम ने पहली सर्विस में सिर्फ एक ही अंक गंवाया। इसके बाद उन्होंने अपने विपक्षी को एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं दिया।
अगले दौर में उनका सामना ट्यूनिशिया के मालेक जाजिरि और दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
वहीं इस टूर्नामेंट में दूसरी वरीय निशिकोरी ने अमेरिका के डोनाल्ड यंग को 6-3, 4-6, 7-6(5)से मात दी। अगले दौर में उनका सामना तीन बार के विजेत अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो से होगा जिन्होंने स्लोवाकिया के लुकास लास्को को सीधे सेटों में 7-5, 6-2 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath