नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। मोबिक्विक द्वारा बजाज फाइनेंस से 225 करोड़ रुपये का वित्त जुटाने की घोषणा के बाद गुरुवार को डिजिटल पेमेंट वॉलेट ने कहा कि वह देश के पहले डेबिट-कम-क्रेडिट वॉलेट बनने के लिए तैयार है।
मोबिक्विक को सहसंस्थापक उपासना टाकू ने आईएएनएस को फोन पर बताया, “मोबिक्विक देश का पहला डेबिट प्लस क्रेडिट वॉलेट बनने जा रहा है, जहां लोगों को एक्सक्लूसिव रूप से क्रेडिट लाइन मिलेगा। क्रेडिट कार्ड और ईएमआई कार्ड को एप से ही जोड़ दिया जाएगा, जिससे यूजर्स की खरीद क्षमता बढ़ जाएगी और उन्हें सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।”
उन्होंने कहा, “हमारा मानना है कि यह लीपफ्रॉग प्रभाव होगा, क्योंकि देश के सभी वॉलेट में से ज्यादातर डेबिट कार्ड हैं।”
उपभोक्ता ऋणदाता कंपनी बजाज फाइनेंस ने बुधवार को बीएसई को सूचित किया कि उसने “वनमोबिक्विक सिस्टम्स के साथ 10 इक्विटी शेयर और 2,71,050 सीसीपीएस (कंपलसरी कनवर्टिबल प्रिफ्रेंस शेयर्स) के लिए ग्राहकी समझौता किया है।”
बीएसई को यह भी सूचित किया गया कि सीसीपीएस का स्थानांतरण पूरा होने के बाद बजाज फाइनेंस के पास मोबिक्विक की 10.83 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जिसकी कीमत करीब 2,000 करोड़ रुपये होगी।
dharmpath.com dharmpath